एसएससी सीजीएल में 2226वीं रैंक, आयकर विभाग में ऑफिस सुपरिंटेंडेंट बने अभिषेक
रौनियार वैश्य परिवार ने सम्मान समारोह आयोजित कर फूल-माला व बुके देकर किया सम्मानित
पलामू :हरिहरगंज शहर के झंडा चौक निवासी अभिषेक गुप्ता का एसएससी सीजीएल-2025 में ऑल इंडिया 2226 वीं रैंक हासिल कर आयकर विभाग में ऑफिस सुपरिंटेंडेंट पद पर चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर रविवार को रौनियार वैश्य परिवार की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें समाज के लोगों ने अभिषेक को फूल-माला, बुके व उपहार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अभिषेक के पिता विजय प्रसाद गुप्ता उर्फ बबलू गुप्ता व्यवसायी हैं, जबकि माता पुष्पा देवी गृहिणी हैं। दो बहनों के इकलौते भाई अभिषेक की सफलता से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। सम्मान समारोह में रौनियार वैश्य समाज के अध्यक्ष रॉबर्ट गुप्ता, वैश्य जागृति मंच की अध्यक्ष गंगा जायसवाल, संरक्षक भोला गुप्ता, सपा नेता कमलेश कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। अभिषेक ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा गुरु कृपा से शुरू हुई। इसके बाद उन्होंने सीता प्लस टू उच्च विद्यालय, हरिहरगंज से पढ़ाई की और ए.के. सिंह कॉलेज, जपला से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। प्रतिदिन करीब 14 घंटे नियमित पढ़ाई करते हुए उन्होंने कई प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की। तीसरे प्रयास में एसएससी सीजीएल-2025 में ऑल इंडिया 2226वीं रैंक प्राप्त कर उनका चयन हुआ और बिहार जोन कार्यक्षेत्र मिला।
अभिषेक ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और परिजनों को देते हुए कहा कि मेहनत ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर नियमित और निरंतर तैयारी करने की अपील की।
समारोह में शशि गुप्ता, विश्वदीप कुमार, अखिलेश विश्वकर्मा, गोपाल प्रसाद गुप्ता, ज्ञान प्रकाश, संजय जायसवाल, राजेश शौंडीक,राजू गुप्ता, दशरथ विश्वकर्मा, संजय शौंडीक, सुरेश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, शंकर गुप्ता, पवन गुप्ता, कामेश्वर पासवान, अवध प्रसाद गुप्ता, उत्कर्ष जायसवाल, राजेश दास समेत काफी संख्या में लोग शामिल थे।






