विश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को बूथ पर पहुंचकर दवा पिलाने की अपील
विश्रामपुर (पलामू): पल्स पोलियो अभियान के तहत सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विश्रामपुर में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई। अभियान का शुभारंभ डॉ. एम. एम. प्रसाद ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया।
इस अवसर पर डॉ. एम. एम. प्रसाद ने कहा कि पोलियो एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से रोकी जा सकने वाली बीमारी है। प्रत्येक माता-पिता का दायित्व है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को हर बार पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए, तभी समाज को पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य सफल होगा।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अभियान के दौरान अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ या स्वास्थ्यकर्मियों के पास अवश्य ले जाएं तथा स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें। मौके पर अस्पताल के विनोद तिवारी, बीडीएम रवि रंजन, नर्स ममता कुमारी तथा एम्बुलेंस चालक मुज्जफर अंसारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।





