ढकचा-सलैया पंचायत को नौडीहा बाजार प्रखंड में शामिल करने की मांग
पलामू :हरिहरगंज प्रखंड के सुदूरवर्ती ढकचा और सलैया पंचायत को नौडीहा बाजार प्रखंड में शामिल करने की मांग को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने हरिहरगंज प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी को आवेदन सौंपा। आजसू पार्टी के जिला सचिव जितेंद्र विश्वकर्मा के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि दोनों पंचायतों के ग्रामीणों को प्रखंड स्तरीय काम के लिए हरिहरगंज आने में काफी परेशानी होती है। वहीं, नौडीहा बाजार प्रखंड मुख्यालय दोनों पंचायतों से करीब 4 किमी की दूरी पर है। ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि ढकचा और सलैया पंचायत के अंतर्गत कुल 12 गांव आते हैं। इन गांवों की आबादी करीब 15 हजार है। दोनों पंचायत हरिहरगंज प्रखंड के अत्यंत सुदूरवर्ती क्षेत्र में स्थित हैं। ग्रामीणों के अनुसार प्रखंड कार्यालय से जुड़े कार्यों के लिए उन्हें करीब 20 से 22 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है। कई ग्रामीणों को आवागमन में पूरा दिन लग जाता है। इससे समय और आर्थिक नुकसान के साथ बुजुर्गों, महिलाओं और मजदूरों को विशेष परेशानी होती है।
4 किमी दूरी होने से नौडीहा बाजार से जुड़ने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि ढकचा और सलैया पंचायत से नौडीहा बाजार प्रखंड की दूरी महज करीब 4 किमी है। ऐसे में दोनों पंचायतों को नौडीहा बाजार में शामिल करने से ग्रामीणों को प्रखंड कार्यालय, सरकारी योजनाओं और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए कम दूरी तय करनी पड़ेगी। ग्रामीणों ने सरकार से भौगोलिक स्थिति और जनसुविधा को देखते हुए दोनों पंचायतों को नौडीहा बाजार प्रखंड में शामिल करने की मांग की। आजसू जिला सचिव जितेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि दोनों पंचायतों को नौडीहा बाजार प्रखंड में शामिल करने का मामला विधानसभा में भी उठाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हरिहरगंज प्रखंड मुख्यालय की अधिक दूरी के कारण ग्रामीणों को परेशानी होती है। नौडीहा बाजार से जुड़ने पर उन्हें काफी सुविधा मिलेगी।
बीडीओ बोले- फिर होगी ग्राम सभा
बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी ने बताया कि कुछ माह पहले भी ग्रामीणों ने दोनों पंचायतों को नौडीहा बाजार प्रखंड में शामिल करने की मांग की थी। उपायुक्त के निर्देश पर उस समय ग्राम सभा कराई गई थी। ग्राम सभा में अधिकांश ग्रामीणों ने हरिहरगंज प्रखंड में ही रहने की बात कही थी। इसकी रिपोर्ट पलामू उपायुक्त को भेजी गई थी।
बीडीओ ने बताया कि अब ग्रामीणों ने पुनः मांग की है। इस पर निर्धारित तिथि में फिर ग्राम सभा कराई जाएगी। ग्राम सभा की राय के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर आजसू प्रखंड अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह, प्रखंड सचिव इरशाद आलम, आलोक सिंह, गणेश प्रसाद सिंह, धनंजय सिंह, राजेंद्र सिंह, रणजीत सिंह, श्यामदेव सिंह, महेंद्र विश्वकर्मा, राधा देवी, कुंदन गुप्ता, सूर्यदेव सिंह, रमेश कुमार यादव, त्रिपुरारी गुप्ता समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।






