बैरिया एसएफसी गोदाम का डीएसओ ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व पारदर्शिता पर दिया जोर
मेदिनीनगर, पलामू। जिला आपूर्ति पदाधिकारी-सह-जिला प्रबंधक प्रमोद कुमार दास ने बुधवार को राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) गोदाम, बैरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद्यान्न भंडारण, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा गोदाम संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएसओ ने गोदाम परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, खाद्यान्न के सुरक्षित एवं व्यवस्थित रख-रखाव तथा एफआईएफओ (फर्स्ट इन फर्स्ट आउट) प्रणाली का शत-प्रतिशत पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य है।
श्री दास ने सभी आवश्यक अभिलेखों एवं पंजीयों को अद्यतन रखने, परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू रखने तथा उपलब्ध खाद्यान्न स्टॉक की वैज्ञानिक तरीके से स्टैकिंग कर सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों तक गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए गोदाम प्रबंधन में पारदर्शिता, सुरक्षा और गुणवत्ता संबंधी सभी मानकों का कड़ाई से अनुपालन आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, मेदिनीनगर नगर निगम सदर, सहायक गोदाम प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।





