बिरसा ग्राम सह समेकित कृषक पाठशाला परियोजना के तहत किसानों को मिली सामग्री
पलामू :हरिहरगंज प्रखंड अंतर्गत सेमवार, चंदा और नाथा गांव में सोमवार दोपहर एक बजे बिरसा ग्राम सह समेकित कृषक पाठशाला परियोजना के तहत किसानों के बीच वजन कांटा और कैरेट का वितरण किया गया। यह वितरण नाथा फार्म हरिहरगंज की ओर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। इसका उद्देश्य किसानों को कृषि कार्यों में सहयोग प्रदान करने के साथ उनकी उपज की तौल और रखरखाव को सुविधाजनक बनाना है।
कार्यक्रम में वरीय पदाधिकारी अभिषेक कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर शुभम कुमार और ग्राम समन्वयक योगेश कुमार ने संयुक्त रूप से कृषक समूह के सदस्यों के बीच वजन कांटा और कैरेट का वितरण किया। इस दौरान किसानों को उपलब्ध कराई गई सामग्री के उपयोग और कृषि कार्यों में इसकी उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई।
वजन कांटा मिलने से किसानों को अपनी कृषि उपज का सही वजन करने में सहूलियत मिलेगी। वहीं, कैरेट के माध्यम से फल, सब्जियों और अन्य कृषि उत्पादों को सुरक्षित रखने तथा बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इस पहल से किसानों को अपनी उपज के प्रबंधन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। मौके पर किसान मुकेश कुमार, नितीश कुमार, नमूना पासवान, रोशन कुमार, संजय कुमार, सरस्वती देवी, बबीता देवी, पूजा देवी, चंपा देवी, रामेश्वर मेहता, अनुज मेहता और संजय मेहता सहित अन्य किसान उपस्थित थे।


.jpg)



