BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बटाने नदी की तेज धार में पलटा खाद लदा ट्रैक्टर, दो युवक गंभीर


खाद लेकर लौट रहे दोनों युवक, ग्रामीणों ने नदी से निकाला; 108 एंबुलेंस सेवा नहीं मिलने पर निजी वाहन से भेजा गया

पलामू :हरिहरगंज थाना क्षेत्र के रजवार -बिजवार गांव के समीप बटाने नदी पुल पर सोमवार को खाद लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर तेज धार में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को ग्रामीणों की मदद से नदी से बाहर निकालकर हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया। घायलों की पहचान खड़गपुर पंचायत के पारपहार गांव निवासी नरेश यादव के पुत्र प्रमोद यादव (40) और स्वर्गीय बिहारी यादव के पुत्र सत्येंद्र यादव उर्फ पप्पू (30) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, प्रमोद यादव ट्रैक्टर चला रहे थे, जबकि सत्येंद्र यादव उनके बगल में बैठे थे। दोनों कौआखोह स्थित खाद दुकान से करीब आठ बोरा खाद ट्रैक्टर पर लादकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रजवार-बिजवार गांव के समीप ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और करीब तीन बार पलटते हुए बटाने नदी की बीच धारा में जा गिरा।
हादसे के बाद दोनों युवक नदी की तेज धार में फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला। इसके बाद निजी स्कॉर्पियो से दोनों घायलों को हरिहरगंज सीएचसी पहुंचाया गया।
ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया। परिजनों ने घायलों को ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों के अनुसार अस्पताल परिसर में 108 एंबुलेंस खड़ी थी, लेकिन बार-बार कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद निजी स्कॉर्पियो की व्यवस्था कर दोनों को मेदिनीनगर भेजा गया। सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन ने कहा कि सीएचसी में इलाज के दौरान कोई परेशानी नहीं हुई, लेकिन 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं होना गंभीर मामला है। उन्होंने संबंधित विभाग से जांच कर आपात स्थिति में तत्काल एंबुलेंस सेवा सुनिश्चित करने की मांग की।

फोटो कैप्शन। हरिहरगंज सीएचसी में इलाजरत सड़क हादसे में घायल प्रमोद यादव व सत्येंद्र यादव