BREAKING NEWS

logo

छतरपुर के लक्ष्मीनगर में देवी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा


धर्मेंद्र कुमार रिंकू 

छतरपुर नगर पंचायत क्षेत्र के लक्ष्मीनगर स्थित मंदेया नदी घाट से देवी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा से ओत-प्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कलश यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में लाल बिहारी यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी एवं समाजसेवी कैलाश सिंह तथा चन्दन प्रकाश सिन्हा शामिल हुए।
इस अवसर पर चन्दन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि पूरे छतरपुर क्षेत्र के लिए यह गर्व का विषय है कि जगत जननी मां की स्थापना लक्ष्मी नगर में की जा रही है। उन्होंने कहा कि मां का मंदिर क्षेत्रवासियों के लिए आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनेगा।
वहीं समाजसेवी कैलाश सिंह ने माता रानी से नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि मां का आशीर्वाद सभी पर बना रहे।
देवी मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष मितल सिंह ने बताया कि मंदिर निर्माण का कार्य लंबे समय से चल रहा था, जो स्थानीय लोगों के सहयोग और योगदान से पूरा हो सका है। उन्होंने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 25 जून तक चलेगा।
मंदिर समिति ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के समापन अवसर पर 25 जून को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बैजनाथ प्रसाद, डॉ. बिके यादव, सुजीत कुमार सिंह, बिंदेश्वर यादव, मोनू गुप्ता, शीतल सिंह, अजीत कुमार, अविनाश कुमार, जनकदेव यादव, आकाश कुमार सिंह, अशोक प्रसाद, उपेंद्र यादव, सोनू पटेल और मोनू सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सक्रिय योगदान दिया।
धार्मिक वातावरण और भक्तिमय नारों के बीच निकली कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को श्रद्धा और उत्साह से सराबोर कर दिया। देवी मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लक्ष्मी नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में उत्सव का माहौल बना हुआ है।