गुरु पूर्णिमा पर हारवियन इंटरनेशनल स्कूल में गुरु वंदन, विद्यार्थियों ने लिया अनुशासन और संस्कार का संकल्प
पलामू : गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर लेस्लीगंज के जगतपुरवा स्थित हारवियन इंटरनेशनल स्कूल में श्रद्धा, सम्मान और भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों ने अनुशासन, सदाचार, नियमित अध्ययन तथा गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य पी. शुक्ला ने कहा कि गुरु केवल शिक्षा देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है, क्योंकि गुरु ही ज्ञान के प्रकाश से अज्ञान रूपी अंधकार को दूर करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने माता-पिता और गुरुजनों का सदैव सम्मान करें, अनुशासन को जीवन का आधार बनाएं तथा ईमानदारी, परिश्रम और अच्छे संस्कारों के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि यही मूल्य विद्यार्थियों को भविष्य में एक सफल और जिम्मेदार नागरिक बनाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका रेणु शर्मा ने किया। मौके पर स्कूल के वाइस प्रिंसिपल निशांत शुक्ला ,शिक्षक नवनीत शर्मा, सुमन शेखर, पुष्पांजलि देवी,मोनिका तिवारी,प्रीति दुबे एवं श्रेया मेहता सहित विद्यालय के कर्मचारी पंकज मेहता, काजू तिवारी,उर्मिला देवी,उदय तिवारी,जोगिंदर तिवारी एवं रामकुमार तिवारी उपस्थित थे ।कार्यक्रम का समापन गुरुजनों के आशीर्वाद एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।





