जश्न-ए-मिलादुन्नबी पर हाफिज सुलैमान वेलफेयर ट्रस्ट का कार्यालय उद्घाटित, चार स्थानों पर तबर्रुक वितरण
पलामू। जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के अवसर पर हाफिज सुलैमान वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से पलामू जिले के हैदरनगर, पांडु और मोहम्मदगंज प्रखंड में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जुलूस-ए-मोहम्मदी में शामिल आशिकाने रसूल के बीच तबर्रुक वितरित किया गया। वहीं कजरू कलां में ट्रस्ट के हेड ऑफिस का उद्घाटन भी किया गया।
बंसीपुर, हैदरनगर में मौलाना ताहिर साहब एवं मौलाना अखलाक खान के नेतृत्व तथा जफीर भाई की निगरानी में तबर्रुक वितरण किया गया। कजरू कलां, पांडु में ट्रस्ट के निदेशक हजरत मौलाना हाजी मोहम्मद फैजान रजा पलामवी के नेतृत्व में गुफरान बाबू, तौसीफ बाबू एवं जुबैर बाबू की निगरानी में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इसके अलावा बरडंडा, हैदरनगर तथा कररिया, मोहम्मदगंज में हजरत मौलाना मशकूर साहब के नेतृत्व में जुलूस-ए-मोहम्मदी में शामिल लोगों के बीच तबर्रुक बांटा गया।
कजरू कलां में मदरसा सज्जादिया के नेतृत्व एवं निगरानी में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। जुलूस के दौरान लोगों में उत्साह और धार्मिक उल्लास देखने को मिला।
इस अवसर पर ट्रस्ट के जिम्मेदारों ने कहा कि मोहब्बत-ए-रसूल के साथ इंसानियत की सेवा और खिदमत-ए-खल्क ट्रस्ट के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। भविष्य में भी धार्मिक एवं कल्याणकारी गतिविधियों को व्यापक स्तर पर जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।
ट्रस्ट के मुख्य सलाहकार हजरत हाजी डॉ. सैयद फजलुल हुदा साहब व्यस्तता के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। ट्रस्ट की ओर से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी जिम्मेदारों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
हाफिज सुलैमान वेलफेयर ट्रस्ट ने आयोजन के माध्यम से मोहब्बत-ए-रसूल, आपसी भाईचारे, एकता और सेवा भावना का संदेश दिया।






