BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

भारी बारिश में मकान धराशायी, परिवार के सामने बेघर होने का संकट


 घरेलू सामान हुआ क्षतिग्रस्त, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजा व राहत सहायता की लगाई गुहार

पलामू: जिले के विश्रामपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सिगसिगी के गढ़टोला, वार्ड नंबर-07 में रविवार की रात हुई भारी बारिश के दौरान चिंता देवी, पति राजीव ठाकुर का आवासीय मकान अचानक गिर गया। मकान गिरने से घर में रखा घरेलू सामान और अन्य जरूरी सामग्री क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है और बेघर होने का संकट मंडरा रहा है।
बताया गया कि 30 अगस्त की रात करीब 11 बजे लगातार हो रही बारिश के बीच मकान अचानक धराशायी हो गया। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। हालांकि, मकान गिरने से परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
पीड़ित परिवार ने विश्रामपुर अंचल अधिकारी से मामले में तत्काल स्थल निरीक्षण कराने की मांग की है। परिवार का कहना है कि मकान और घरेलू सामान को हुए नुकसान का आकलन कर सरकारी आपदा राहत प्रावधान के तहत उचित मुआवजा एवं तत्काल राहत सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही परिवार की स्थिति को देखते हुए स्थायी आवास और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से बारिश से प्रभावित परिवार की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जल्द राहत पहुंचाने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने और जरूरी सामान की व्यवस्था करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।