इंडियन रोटी बैंक के 10 वर्ष पूरे, नि:शुल्क डिजिटल क्लास को मिला नया स्वरूप
संजय सिंह"उमेश"
पलामू : सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी संस्था इंडियन रोटी बैंक (आईआरबी) ने अपने सेवा के दस वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उड़ान एजुकेशन के तहत संचालित नि:शुल्क डिजिटल क्लास के नवीन स्वरूप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आधुनिक तकनीकी ज्ञान को बढ़ावा देने का संकल्प जक बार फिर दोहराया गया।
कार्यक्रम में आईआरबी के दिल्ली प्रदेश संरक्षक देवेश तिवारी, झारखंड प्रदेश संरक्षक सोनू सिंह नामधारी, संत मरियम आवासीय विद्यालय के निदेशक-सह- ‘माटी के लाल’ अविनाश देव सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। राष्ट्रीय सह-संयोजक दीपक तिवारी एवं नि:शुल्क डिजिटल क्लास की संचालिका दुर्गा तिवारी ने मुख्य अतिथि देवेश तिवारी को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
*कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवेश तिवारी ने कहा* कि वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि उड़ान एजुकेशन के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ कर सकें।
*सोनू सिंह नामधारी* ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से नि:शुल्क डिजिटल क्लास के माध्यम से बच्चों को शिक्षा का लाभ मिल रहा है। अब इसे और अधिक आधुनिक एवं प्रभावी स्वरूप में संचालित किया जाएगा, जिसमें बच्चों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाई, नई तकनीकों की जानकारी, विषयों को सरलता से समझने तथा स्मरण रखने की विशेष शिक्षण पद्धति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ कला, खेलकूद, व्यक्तित्व विकास, व्यवहारिक ज्ञान एवं संस्कारों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे बच्चे शैक्षणिक, नैतिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बन सकें।
*राष्ट्रीय सह-संयोजक दीपक तिवारी ने कहा* कि संस्था का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि बच्चों में रचनात्मकता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित करना भी है। नई पहल के माध्यम से बच्चों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है तथा उनकी प्रतिभाओं को निखारने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
मौके पर उपस्थित अतिथियों ने इंडियन रोटी बैंक द्वारा पिछले दस वर्षों में किए गए सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। उन्होंने कहा कि संस्था ने जरूरतमंदों की सेवा के साथ-साथ शिक्षा, जागरूकता एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, छात्र-छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं समाज के समग्र विकास के लिए इस अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।





