आम लोगों को विधिक जानकारी होना जरूरी, न्याय पाने में गरीबी नहीं बनेगी बाधा : डालसा सचिव
महुगांई में विधिक जागरूकता अभियान आयोजित, ग्रामीणों को मिली कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी
मेदिनीनगर : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के निर्देश पर पलामू के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राम शर्मा के मार्गदर्शन में बुधवार को पांकी प्रखंड के महुगांई गांव में विधिक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के सचिव राकेश रंजन ने कहा कि न्याय सभी का अधिकार है और आर्थिक कमजोरी किसी भी व्यक्ति के लिए न्याय प्राप्त करने में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कि विधिक जानकारी के अभाव में लोग अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। इसी उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को कानूनी रूप से जागरूक एवं सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर संचालित विधिक सहायता क्लीनिक में प्रत्येक बुधवार एवं रविवार को पारा विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) उपस्थित रहते हैं। ग्रामीण अपनी समस्याएं वहां रखकर निःशुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं। लीगल एड डिफेंस काउंसिल के असिस्टेंट (एलएडीसीए) उत्तम कुमार ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पीएलवी दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को विधिक रूप से सशक्त कर रहे हैं। उन्होंने डायन कुप्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर सुड़ी पंचायत के पीएलवी चंद्रदेव प्रजापति ने पीड़ित प्रतिकर योजना, मध्यस्थता, लोक अदालत, लीगल एड डिफेंस काउंसिल की कार्यप्रणाली तथा प्री-लिटिगेशन स्तर पर विवादों के समाधान की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला और लोगों से अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।शिविर में डालसा सचिव राकेश रंजन, एलएडीसीए उत्तम कुमार, सुड़ी पंचायत के पीएलवी चंद्रदेव प्रजापति, सगालीम पंचायत के पीएलवी कमलेश कुमार, आसेहार पंचायत के पीएलवी आलमताब अंसारी सहित सुनैन राम, संजय राम, गुड्डू भुइयां, सरोजनी देवी, सीता देवी, कलंपु भुइयां, सत्येंद्र राम, अरविंद प्रजापति, अजय भुइयां, विनोद भुइयां समेत काफी संख्या में ग्रामीण जनता उपस्थित थे।





