ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 443 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
छतरपुर (पलामू) : पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, तस्करी एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पलामू पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 28.08.2026 को नौडीहा बाजार थाना अंतर्गत ग्राम महुरांव में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी एवं भंडारण के संबंध में पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छतरपुर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया तथा टीम को विधिवत कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम महुरांव चौक के समीप जमशेद आलम एवं अली रजा, दोनों पिता रमजान अंसारी, ग्राम महुरांव, थाना नौडीहा बाजार, को आइसर ट्रक संख्या OD14AB 1072 एवं टेम्पू वाहन संख्या BR26PB 2661 से अवैध गांजा उतारते हुए पकड़ा। इसके बाद वाहनों एवं परिसर की विधिवत तलाशी लेने पर ट्रक में नारियल पानी (डाब) के बीच छिपाकर तथा 16 प्लास्टिक के बोरों में 424 छोटे-छोटे पैकेटों में रखा लगभग 443 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
बरामद मादक पदार्थ की DD Kit से जांच की गई, जिसमें गांजा/मादक पदार्थ होने की पुष्टि हुई। इसके बाद बरामद गांजा, दोनों वाहनों एवं अन्य सामान को विधिवत जब्त करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री एवं तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की जा रही है। नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में अवैध गांजा तस्करी का नेटवर्क पलामू, बिहार के औरंगाबाद एवं उड़ीसा तक फैला होने की जानकारी प्राप्त हुई है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान एवं गिरफ्तारी की दिशा में अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में जमशेद आलम, उम्र 25 वर्ष, पिता रमजान अंसारी, ग्राम महुरांव, थाना नौडीहा बाजार, जिला पलामू तथा अली रजा, उम्र 19 वर्ष, पिता रमजान अंसारी, ग्राम महुरांव, थाना नौडीहा बाजार, जिला पलामू शामिल हैं।
इस कार्रवाई में लगभग 443 किलोग्राम अवैध गांजा, आइसर ट्रक संख्या OD14AB 1072, टेम्पू वाहन संख्या BR26PB 2661, ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन तथा नथिंग कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
छापामारी दल में श्री प्रशांत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छतरपुर, पलामू, पु०नि० द्वारिका राम, छतरपुर अंचल, पु०अ०नि० नीरज कुमार, थाना प्रभारी, नौडीहा बाजार थाना तथा नौडीहा बाजार थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।
पलामू पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अभियान निरंतर जारी है। मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों एवं पूरे नेटवर्क के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।






