BREAKING NEWS

logo

उंटारी रोड प्रखंड में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर डीसी को सौंपा ज्ञापन, जांच नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी


पलामू: उंटारी रोड प्रखंड कार्यालय की कार्यशैली और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का विरोध तेज हो गया है। युवा समाजसेवी एवं पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी अजय कुमार गुप्ता तथा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रिंकू सिंह ने उपायुक्त पलामू से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए प्रखंड में व्याप्त अनियमितताओं की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) तथा कथित बिचौलियों पर सरकारी योजनाओं में अनियमितता, वित्तीय गड़बड़ी और जनता के कार्यों में बाधा उत्पन्न करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्रतिनिधिमंडल का दावा है कि पिछले दो महीनों से लगातार प्रखंड कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ज्ञापन के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में कार्यालय रखरखाव और उपकरणों की खरीद के नाम पर सरकारी राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है। साथ ही प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना में अपात्र लोगों को लाभ पहुंचाने तथा पात्र गरीब परिवारों की अनदेखी किए जाने की शिकायत भी की गई है।
इसके अलावा मनरेगा और 15वें वित्त आयोग की योजनाओं में बिना कार्य कराए राशि निकासी, ब्लॉक प्रमुख मद की राशि के दुरुपयोग तथा प्रखंड कार्यालय में दलालों के सक्रिय होने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन, रसीद एवं म्यूटेशन जैसे कार्यों के लिए आम लोगों को महीनों तक कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
रिंकू सिंह ने बताया कि उपायुक्त ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि यदि जल्द जांच शुरू नहीं हुई और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो 30 जून 2026 को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जन आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
हालांकि बीडीओ ने समाचार के माध्यम से सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है