BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

छात्रों के लिए रिसर्च इनोवेशन और स्टार्ट-अप कार्यक्रम की व्यवस्था करें : कुलपति


नूतन छात्र अभिनंदन समारोह में कुलपति ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया

छतरपुर (पलामू):  गुलाबचंद प्रसाद अग्रवाल महाविद्यालय, सड़मा, छतरपुर में सत्र 2026-30 के लिए नामांकित नूतन छात्र-छात्राओं के अभिनंदन के लिए सोमवार को भव्य नूतन छात्र अभिनंदन समारोह का आयोजन महाविद्यालय के विशाल सभागार में किया गया। समारोह में महाविद्यालय में पूर्व से अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. दिनेश कुमार सिंह, महाविद्यालय के सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, प्रभारी प्राचार्य डॉ. अखिलेश कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमित कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी, अभिभावक तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। मंच संचालन पंचम कुमार ने किया।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कक्षाएं होंगी : प्राचार्य

कार्यक्रम में विषय-प्रवेश कराते हुए महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि महाविद्यालय में नियमित शिक्षण कार्य के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए विशेष कक्षाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं के प्रति हमेशा संवेदनशील रहा है। विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए महाविद्यालय निरंतर प्रयासरत है।

पीजी में प्रवेश के लिए महाविद्यालय करेगा सहयोग : सचिव

महाविद्यालय के सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने नूतन विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य केवल स्नातक की शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं बेहतर करियर के लिए तैयार करना भी है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी महाविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय सहित अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर अपनी शिक्षा को आगे बढ़ाएं। इसके लिए महाविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

रिसर्च, इनोवेशन और स्टार्ट-अप के लिए विद्यार्थियों को तैयार करें : कुलपति

समारोह के मुख्य अतिथि नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय में नियमित शिक्षण कार्यक्रम के साथ-साथ विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, शोध, नवाचार एवं स्टार्ट-अप के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप अभी से तैयार करने की आवश्यकता है।

कुलपति ने कहा कि महाविद्यालय में रिसर्च, इनोवेशन और स्टार्ट-अप से जुड़े कार्यक्रमों की व्यवस्था की जाए, ताकि विद्यार्थियों में नई सोच, रचनात्मकता, अनुसंधान की प्रवृत्ति एवं उद्यमिता की भावना विकसित हो सके। उन्होंने विशेष कक्षाओं के संचालन पर भी जोर देते हुए कहा कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को समय रहते मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए।

उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि सेमेस्टर-वन की परीक्षा आगामी दिसंबर माह में आयोजित कराने की तैयारी है। साथ ही विश्वविद्यालय के सभी सत्रों को नियमित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कुलपति ने कहा कि महाविद्यालय के संस्थापक सचिव का मूल उद्देश्य इस पिछड़े क्षेत्र में शिक्षा का विस्तार करना और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना था। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों के कारण इस क्षेत्र को शिक्षा के हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुआ है। विद्यार्थियों को इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां

समारोह के दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। स्वागत प्रस्तुति में बबीता ग्रुप ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में आरिफा, अनाज, सुषमा कुमारी एवं चक्रवर्ती सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगारंग प्रस्तुतियों ने सभागार में मौजूद अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को खूब आकर्षित किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रोफेसर राजमोहन ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए मुख्य अतिथि, महाविद्यालय के सचिव, प्राचार्य, सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में महाविद्यालय परिवार के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।