रांची में RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला: तीन आरोपी गिरफ्तार, एक पुलिस हिरासत से भागकर फिर पकड़ा गया
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रदेश कार्यालय पर 16 जून की रात अज्ञात अपराधियों द्वारा पेट्रोल बम से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में चुटिया थाना में विभिन्न धाराओं सहित विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान कोडरमा के गझंडी रेलवे स्टेशन के पास से दो आरोपी सैफ अंसारी और अमन अंसारी उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया गया। दोनों ने पूछताछ में अपने साथी सायम सुजान के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की, जिसे बाद में रांची से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में इस मामले में किसी अंतरराष्ट्रीय मॉड्यूल से जुड़े होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा रहा है। मामले की आगे की जांच अब एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) को सौंप दी गई है।
इस बीच 18 जून को गिरफ्तार आरोपी सैफ अली पुलिस हिरासत से भागने में सफल हो गया। उसने कोतवाली थाना परिसर के शौचालय का बहाना बनाकर वेंटिलेशन तोड़कर फरार होने की कोशिश की। हालांकि मांडर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। दोबारा भागने की कोशिश में उसने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।





