मेदिनीनगर: शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयल पुल के समीप सोमवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में पुलिस जवान अरविंद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जवान किसी आवश्यक कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी जोरदार थी, जिससे जवान को चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही गश्ती दल मौके पर पहुंचा और घायल जवान को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें निगरानी में रखा है। उनकी स्थिति फिलहाल गंभीर बताई जा रही है।
इधर, हादसे के बाद पुलिस फरार ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा मामले की जांच तेज कर दी गई है।






