हैदर नगर के भाई बिगहा में दो दिनों से ट्रांसफार्मर में खराबी आने से बिजली आपूर्ति बाधित, एसडीओ को सौंपा गया ज्ञापन
हुसैनाबाद: कृष्णा यादव
हुसैनाबाद: हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र के हैदरनगर प्रखंड के भाई बिगहा गांव स्थित 100 केवीए का ट्रांसफार्मर विगत दो दिन पूर्व से ही खराब हो जाने से क्षेत्र में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे हैदरनगर - मोहम्मदगंज मुख्य पथ, बंगला टोला, पंचायत सचिवालय, सरकारी अस्पताल, मस्जिद रोड सहित आसपास के सैकड़ों घर प्रभावित हैं। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से भीषण व उमस भरी गर्मी में आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने के कारण घरों में पानी और मोबाइल की बैटरी चार्ज की समस्या उत्पन्न हो गई है। वहीं बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। सर्वाधिक परेशानी अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र (एपीएचसी) हैदरनगर में मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों को हो रही है। अस्पताल में बिजली नहीं रहने से स्वास्थ्य सेवाओं पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। वही पंचायत सचिवालय का कामकाज भी प्रभावित है। स्थानीय लाइनमैन द्वारा ट्रांसफार्मर की जांच के बाद उसमें खराबी की पुष्टि की है। इसके बाद विद्युत उपभोक्ताओं ने विद्युत अवर प्रमंडल, जपला के सहायक अभियंता को आवेदन देकर खराब 100 केवीए ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलकर अत्यधिक विद्युत बोझ को देखते हुए नया ट्रांसफार्मर 200 केवीए का लगाने की मांग की है।उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली विभाग शीघ्र ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल करे, ताकि आम लोगों के सहित अस्पताल और पंचायत सचिवालय को भी राहत मिल सके।






