गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
मेदिनीनगर: सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा गांव में एक 25 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान रीता कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति ने बताया कि घटना के समय परिवार के अधिकांश सदस्य मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे और घर में केवल उसकी मां मौजूद थी। इसी दौरान रीता की हालत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि रीता नौ माह की गर्भवती थी, जिससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।





