पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 3.97 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद दवा*
पलामू: मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज सह सदर अस्पताल परिसर से रविवार को जिला स्तरीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान-2026 का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव एवं जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. एस.के. रवि ने पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर की।
इस अवसर पर सिविल सर्जन ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पाँच वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2011 से पोलियो मुक्त है, लेकिन पड़ोसी देशों से संक्रमण की आशंका को देखते हुए बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाए रखने के लिए यह अभियान नियमित रूप से चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय अभियान के दौरान जिले के 3,97,521 लक्षित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें बूथों, घर-घर भ्रमण, ट्रांजिट प्वाइंट तथा मेला-बाजारों में पहुंचकर बच्चों को दवा पिलाएंगी।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम), जिला शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रबंधक (एनयूएचएम), सदर अस्पताल के हॉस्पिटल मैनेजर सहित अन्य चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अभियान में सहयोग करने और सभी पात्र बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाने की अपील की।





