BREAKING NEWS

logo

प्रसव के दौरान महिला और नवजात की मौत, रक्त की कमी को लेकर उठे सवाल


पलामू:  जिले के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) में प्रसव के दौरान एक महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो जाने से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के दुद्धी निवासी सेराज अहमद की पत्नी खुशबू निशा इन दिनों अपने मायके गढ़वा जिले के श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र स्थित चेचरिया गांव में रह रही थीं। प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि महिला के शरीर में रक्त की कमी है और तत्काल रक्त चढ़ाने की आवश्यकता है। परिजनों का आरोप है कि समय पर रक्त की व्यवस्था नहीं हो सकी, जिसके कारण प्रसव के दौरान महिला की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। काफी प्रयास के बावजूद चिकित्सक मां और नवजात शिशु दोनों को नहीं बचा सके।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में जहां नए सदस्य के आगमन की उम्मीद थी, वहीं कुछ ही क्षणों में खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि, अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

*बॉक्स खबर*
परिजनों ने उठाए सवाल:-  परिजनों का कहना है कि चिकित्सकों द्वारा रक्त की आवश्यकता बताई गई थी, लेकिन समय रहते इसकी व्यवस्था नहीं हो पाई। वहीं अस्पताल सूत्रों का कहना है कि महिला की स्थिति अस्पताल पहुंचने के समय से ही गंभीर थी। मामले को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

जांच के बाद साफ होगी स्थिति मां और नवजात की मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक कारणों को सार्वजनिक करने की मांग की है।