कठौतिया की बदहाल सड़क को लेकर चक्का जाम, मनीष सिंह ने दी ब्लॉक घेराव की चेतावनी
नौडीहा बाजार (पलामू): कठौतिया पंचायत की जर्जर सड़क के शीघ्र निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को निस्वार्थ युवा संगठन के बैनर तले समाजसेवी मनीष सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों एवं संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुराना थाना, नौडीहा बाजार के समीप चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। चक्का जाम दोपहर करीब 12:30 बजे से शाम 4 बजे तक चला।
मनीष सिंह ने कहा कि कठौतिया की जनता लंबे समय से खराब सड़क की समस्या से परेशान है। सड़क की बदहाली के कारण आम लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की एकमात्र मांग है कि सड़क का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि कठौतिया पंचायत और पूरे प्रखंड को घोटालेबाजी एवं भ्रष्टाचार से मुक्त कराने के लिए वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर जनता के साथ मिलकर संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घंटों चक्का जाम और धरना-प्रदर्शन के बावजूद कोई जनप्रतिनिधि या प्रखंड विकास पदाधिकारी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को आश्वासन देने नहीं पहुंचे। इससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी कठौतिया की सड़क का निर्माण जल्द शुरू नहीं कराया गया, तो प्रखंड कार्यालय का घेराव किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
कठौतिया की जनता का स्पष्ट संदेश है - सड़क का निर्माण जल्द हो, अन्यथा आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।






