मेदिनीनगर: एसपी पलामू कपिल चौधरी के निर्देश पर सदर थाना परिसर में रविवार को पुलिस-पब्लिक बैठक (बीट) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश राम रहे, जबकि अध्यक्षता सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने की।
बैठक में थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध लोग शामिल हुए। इस दौरान पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम लोगों की समस्याओं को पुलिस तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। वहीं, उपस्थित लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा।
सदर थाना क्षेत्र में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सदर थाना परिसर में पुलिस के सभी अधिकारी के साथ बैठक कर बीटवार जिम्मेदारियां तय की गई हैं। इसके तहत पुलिस पदाधिकारियों को अलग-अलग गाँव की जिम्मेवारियां दी गयी है ताकि संबंधित क्षेत्र में पुलिस की नियमित मौजूदगी बनी रहे और स्थानीय समस्याओं व आपराधिक गतिविधियों की जानकारी समय पर वरीय पदाधिकारियों तक पहुंच सके।
बीटवार जिम्मेदारी के तहत एसआई आशुतोष रजक को सुआ, डीटीएस टोला और निराला टोला, एसआई कुलेश्वर महतो को बड़कागांव और रजवाडीह तथा एसआई मनोहर प्रजापति को कौड़िया और चुकरू क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह एसआई स्वाती गुप्ता और एएसआई तेरेसा मिंज को जोड़ और खनवां क्षेत्र सौंपा गया है। एएसआई समाल अहमद बखारी, तेलिया बांध, चियांकी स्टेशन और पिपरडीह क्षेत्र देखेंगे। वहीं एएसआई नबी अंसारी को भुसही, लहसुनिया, मटपुरही और लिलवा करम क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गयी
एएसआई विंध्य किशोर पासवान पोखराहा कला और कुसुम टांड़ क्षेत्र में बीट पुलिसिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा एएसआई सुरेंद्र राम को जोरकट, गणके, अंधार बाग और खैराही टोला तथा एएसआई शंकर प्रसाद दास को जमुने क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया की बीटवार जिम्मेदारी तय करने का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच सीधा संपर्क मजबूत करना है। संबंधित पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर स्थानीय लोगों से संपर्क बनाए रखेंगे। इससे छोटे विवादों, संदिग्ध गतिविधियों, अपराध की आशंका और स्थानीय समस्याओं की जानकारी पुलिस को समय रहते मिल सकेगी।
बीट पुलिसिंग की जिम्मेदारी सदर अंचल पुलिस पदाधिकारी सुरेश राम और सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी की देखरेख में तय की गई है। पुलिस का फोकस क्षेत्र में अपराध की रोकथाम के साथ-साथ जनता के बीच पुलिस की पहुंच बढ़ाने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर रहेगा।बीट आयोजन मे चियाकि मुखिया बिन्को उरांव रजवाडीह मुखिया अनुज त्रिपाठी दुर्गा पूजा समिति खनवा के अध्यक्ष सूरज उरांव बीस सूत्री के प्रेम प्रकाश ठाकुर अजय तिवारी मुकेश तिवारी अनुज मिश्रा डाक्टर सुरेन्द्र तिवारी परवेज अख्तर सुलेमान अंसारी उपस्थित थे







