एसआईआर: डीईओ ने डिजिटाइजेशन कैंप का किया निरीक्षण, योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ने के निर्देश
पलामू: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बुधवार को चैनपुर और लेस्लीगंज प्रखंडों में डिजिटाइजेशन कैंपों का जायजा लिया। उन्होंने चैनपुर प्रखंड कार्यालय, बन्दुवा पंचायत भवन और लेस्लीगंज प्रखंड सभागार पहुंचकर बूथवार प्रपत्र-6 (Form-6) के कलेक्शन और डिजिटाइजेशन की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीईओ ने कम कलेक्शन वाले बूथों के कर्मियों से कारण जाना और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं जिन बूथों पर सभी योग्य नागरिकों के फॉर्म प्राप्त हो चुके हैं, वहां के बीएलओ और सुपरवाइजर से लिखित पुष्टि लेने को कहा।
डीईओ ने स्पष्ट किया कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी योग्य युवाओं का नाम मतदाता सूची में जुड़ना अनिवार्य है। उन्होंने प्रपत्र-6, 7 और 8 के कार्य को चुनाव आयोग के मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी उदय रजक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






