पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ
पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ, भाजपा जमशेदपुर महानगर ने दी शुभकामनाएं, जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा- बंगाल में सुशासन और विकास के नए युग की हुई शुरुआत
जमशेदपुर। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को एक नया अध्याय जुड़ गया, जब भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके नेतृत्व में राज्य में भाजपा सरकार का औपचारिक गठन हुआ। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा-एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार के गठन होने पर देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और हर्ष व्याप्त है।
इसी क्रम में, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में आज से सुशासन, सुरक्षा और विकास के नए युग का शुभारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और शुभेंदु अधिकारी की कार्यशैली में पश्चिम बंगाल विकास, निवेश, रोजगार और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि बंगाल की जनता ने परिवर्तन और विकास के पक्ष में अपना जनादेश दिया। यह जीत भाजपा के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं के वर्षों के संघर्ष, त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने राज्य के उन सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को नमन किया, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी के विचार और संगठन को मजबूत करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार का गठन करोड़ों कार्यकर्ताओं की आकांक्षाओं और संगठन के वर्षों पुराने सपनों के साकार होने का प्रतीक है।
वहीं, भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने भी शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल तेज गति से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ेगा और राज्य अपनी सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक गौरव की पुनर्स्थापना करेगा। प्रेम झा ने कहा कि कभी देश की सांस्कृतिक और बौद्धिक पहचान रहे बंगाल ने बीते 5 दशकों में वाममोर्चा और तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में अपनी ऐतिहासिक पहचान खो दी थी, लेकिन अब भाजपा सरकार के गठन के साथ राज्य में नई ऊर्जा और नई सोच का संचार होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल एक बार फिर देश के आर्थिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





