BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

भाजपा की नीति हो गई है ‘एक आंख में सुरमा, दूसरी में काजल’, छात्रों को आगे कर राजनीति न करे : बिट्टू पाठक


पलामू :मेदिनीनगर  भारतीय जनता पार्टी द्वारा छात्रों से जुड़े मुद्दे को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ किए गए प्रदर्शन पर झारखंड कांग्रेस कमेटी के राज्य सचिव सह पूर्व जिला अध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति अब “एक आंख में सुरमा और दूसरी आंख में काजल” वाली हो गई है। भाजपा को छात्रों के भविष्य के साथ राजनीति करने के बजाय उनके हित और भविष्य की चिंता करनी चाहिए।
बिट्टू पाठक ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी या छात्रों से जुड़े किसी भी मामले पर सरकार गंभीर है। यदि किसी परीक्षा में अनियमितता हुई है तो जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन छात्रों को राजनीतिक मोहरा बनाकर सड़क पर उतारना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।
उन्होंने भाजपा नेताओं से सवाल किया कि जब केंद्र की विभिन्न परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर देशभर में सवाल उठते रहे हैं, तब भाजपा नेताओं ने कितनी बार छात्रों के पक्ष में उसी गंभीरता से आवाज उठाई? उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले अपने शासन वाले राज्यों और केंद्र की भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्था पर भी आत्ममंथन करना चाहिए।
बिट्टू पाठक ने कहा कि झारखंड के युवा और छात्र राज्य का भविष्य हैं। उनके भविष्य के साथ किसी भी राजनीतिक दल को खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद और संवैधानिक तरीके से होना चाहिए, न कि उन्हें राजनीतिक आंदोलन का चेहरा बनाकर।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के हित में लगातार काम कर रही है और नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। विपक्ष को सकारात्मक सुझाव देना चाहिए, ताकि राज्य के युवाओं को रोजगार और बेहतर भविष्य मिल सके। छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीतिक निशाना साधने की कोशिश भाजपा बंद करे।