रजवाडीह मवि के विद्यार्थियों संग मासूम आर्ट ग्रुप ने बिखेरा नाट्य कला का रंग
सदर मेदिनीनगर प्रखंड अंतर्गत रजवाडीह मध्य विद्यालय में मासूम आर्ट ग्रुप के कलाकारों ने बच्चों संग नाट्य कला का इंद्रधनुषी रंग बिखेरा। संस्था के सचिव सह वरीय रंगकर्मी सैकत चट्टोपाध्याय के नेतृत्व में 'मासूम आर्ट ग्रुप' के कलाकार मुनमुन चक्रवर्ती,कनक लता तिर्की,राज प्रतीक पाल,अमर कुमार भांजा,राहुल कुमार व प्रकाश संगम रजवाडीह मध्य विद्यालय पहुंचे। शीघ्र ही सभी रंगकर्मी बच्चों व शिक्षकों से घुल-मिल गये। फिर सैकत चट्टोपाध्याय ने बड़े ही रोचक अंदाज में विद्यार्थियों व शिक्षकों को नाट्य मंचन के बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नाट्य मंचन के प्रत्येक पहलू पर ध्यान दिया जाना चाहिए। मंच पर जाकर सिर्फ रटा हुआ संवाद बोलना नाटक नहीं है,वरन इसके लिए अभिनय में डूबकर चरित्र को जीना पड़ता है। सफल नाट्य मंचन के लिए उन्होंने मंच,कलाकार व श्रोता के अंतर्संबंधों व मानकों को क्रमवार रेखांकित किया। सैकत चट्टोपाध्याय ने कहा कि एक अच्छा नाटक मन को झकझोरते हुए समाज के लिए सकारात्मक संदेश छोड़ जाता है। रंगकर्मियों ने 'बाल विवाह निषेध' पर आधारित नाटक की प्रस्तुति कर खूब तालियां बटोरीं।प्रधानाध्यापक परशुराम तिवारी ने नाट्य कला के महत्त्वपूर्ण घटकों से विद्यालय परिवार को रूबरू कराने के लिए मासूम आर्ट ग्रुप के कलाकारों के प्रति आभार प्रकट किया। श्री तिवारी ने कहा कि बहुमुखी प्रतिभा के धनी रंगकर्मी सैकत चट्टोपाध्याय व मासूम आर्ट ग्रुप ने देश भर में पलामू व झारखंड का नाम रोशन किया है। इस आयोजन में विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती निशा,प्रियंका कुमारी, शिक्षक विजय कुमार ठाकुर व लैब इंस्टेक्टर अनूप कुमार मिश्रा की सक्रिय भागीदारी रही।





