BREAKING NEWS

logo

पलामू चेंबर महिला विंग ने योग दिवस पर योग का किया आयोजन


पलामू : 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर आज स्थानीय गांधी उद्यान में योग गुरु ममता बहन और सरदार रविंदर सिंग तथा अमिताभ मिश्रा जी के सौजन्य से एक भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व मेदिनीनगर की महापौर श्रीमती अरुणा शंकर ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय सांसद वी डी राम जी थे । योग दिवस के इस विशेष सत्र में चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री महिला विंग के सदस्यों,भाजपा के कार्यकर्ताओं और शहर के विभिन्न सामाजिक संस्थानों के प्रतिनिधियों सहित भारी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

सुबह की पहली किरण के साथ ही गांधी उद्यान 'योगमय' हो उठा। योग्य प्रशिक्षकों के निर्देशन में महापौर सहित सभी उपस्थित जनों ने अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी और सूर्य नमस्कार जैसे विभिन्न आसनों व प्राणायाम का अभ्यास किया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए महापौर अरुणा शंकर ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों की जमकर सराहना की। "आज पूरा विश्व अगर योग की शक्ति को स्वीकार कर रहा है, तो इसका पूरा श्रेय हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जाता है। उनके ही दूरदर्शी प्रयासों के कारण संयुक्त राष्ट्र ने योग को वैश्विक मान्यता दी, जिसके बाद आज हम सब 12वां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। प्रधानमंत्री जी का विजन सिर्फ योग को एक दिन का उत्सव बनाना नहीं है, बल्कि इसे हर नागरिक की जीवनशैली का हिस्सा बनाकर 'स्वस्थ भारत, सशक्त भारत' के सपने को साकार करना है।"

महापौर ने चैम्बर ऑफ कॉमर्स के व्यापारियों और सामाजिक संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानसिक शांति और शारीरिक ऊर्जा के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारियों ने कहा कि भागदौड़ भरी व्यापारिक जिंदगी में तनाव से मुक्ति के लिए योग एक अचूक औषधि है। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं और सामाजिक संस्थाओं के लोगों ने इस आयोजन को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। सामूहिक योगाभ्यास के समापन पर सभी ने देश की समृद्धि और नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य का संकल्प लिया।