BREAKING NEWS

logo

जपला रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने बिहार ले जा रहे 40 बोतल देसी शराब के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार


हुसैनाबाद: कृष्णा यादव 

हुसैनाबाद/जपला, पलामू। ऑपरेशन सतर्क के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) जपला द्वारा शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी सफलता मिली है। जपला रेलवे स्टेशन पर जांच के दौरान एक व्यक्ति को 40 बोतल (8 लीटर) झारखंड निर्मित छबीली देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी संतोष कुमार झा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रामनरेश राम, प्रधान आरक्षी सुरेश मुर्मू एवं आरक्षी मनोज ने गाड़ी संख्या 53349 अप बरवाडीह–डेहरी ऑन सोन पैसेंजर के सामान्य कोच की जांच की। प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर शौचालय के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक की बोरी में संदिग्ध सामान लिए मिला। पूछताछ के बाद बोरी की तलाशी लेने पर उसमें 40 बोतल छबीली देसी शराब (200-200 मिलीलीटर) बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 8 लीटर तथा अनुमानित कीमत ₹1,800 है। सभी बोतलों पर फॉर सेल इन झारखंड ऑनली अंकित था।
गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम ननकू राम (40 वर्ष), पिता सामलाली राम, निवासी चंदर बीघा, थाना बारुण, जिला औरंगाबाद (बिहार) बताया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह शराब को बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था।
आरपीएफ ने मौके पर जब्ती सूची तैयार कर शराब को जब्त किया और आरोपी को पोस्ट जपला लाया। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बरामद शराब एवं आरोपी को उत्पाद विभाग, डाल्टनगंज के सुपुर्द कर दिया गया। रेलवे सुरक्षा बल ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।