राजकीय श्रावणी मेला-2026 आज से होगा शुरू, पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू करेंगे उद्घाटन
■ 29 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगा मासव्यापी मेला, शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
बैद्यनाथधाम (देवघर) : द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथधाम में आज से विश्व प्रसिद्ध "राजकीय श्रावणी मेला-2026" का शुभारंभ हो रहा है।
मेला का उद्घाटन बुधवार, 29 जुलाई 2026 को पूर्वाह्न 10:30 बजे झारखंड के प्रवेश द्वार दुम्मा स्थित मुख्य द्वार पर समारोह का आयोजन कर किया जाएगा।
राज्य के पर्यटन, कला-संस्कृति एवं नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार 'सोनू' मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन करेंगे। उनके साथ श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव* एवं ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का शुभारंभ करेंगी।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री मोहम्मद हफीजुल हसन, गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे* एवं राजमहल सांसद नलिन सोरेन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर देवघर जिला प्रशासन द्वारा देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, जरमुंडी विधायक देवेन्द्र कुंवर, मेयर रवि राउत और जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि को भी आमंत्रित किया गया है।
ज्ञात हो कि मासव्यापी मेले को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शिवभक्त कांवरियों की सुविधा के लिए पूरे मेला क्षेत्र में चिकित्सा केंद्र, 24 घंटे हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है।
30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले मेले को देखते हुए जिला प्रशासन ने मेला क्षेत्र में शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। होटल और रेस्तरां को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं।
यातायात व्यवस्था को सुगम रखने के लिए शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर निर्धारित समय के लिए प्रतिबंध लगाया गया है।
देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां ने आम जनों से मेले को शांतिपूर्ण और सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।





