पलामू : सदर मेदिनीनगर प्रखंड अंतर्गत रजवाडीह मध्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने उमंग के वातावरण में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक परशुराम तिवारी,योग की नोडल शिक्षिका श्रीमती निशा,प्रियंका कुमारी,पूनम रानी,शिक्षक विजय कुमार ठाकुर व लैब इंस्टेक्टर अनूप कुमार मिश्रा तथा योग क्लब के बाल सदस्यों के नेतृत्व में अनेक योग क्रियाएं आयोजित की गयीं। इस मौके पर प्रधानाध्यापक परशुराम तिवारी ने कहा कि अंतराष्ट्रीय योग दिवस-2026 का थीम-"स्वस्थ आयु के लिए योग" हमें दैनिक जीवन में योगासनों को शामिल करने का संदेश देता है। श्री तिवारी ने कहा कि 'योग' का संबंध भगवान शिव से है जिन्होंने सर्वप्रथम सप्तऋषियों को 'योग' का ज्ञान दिया था। इसलिए उन्हें प्रथम योगी या आदियोगी भी कहा जाता है। कालांतर में महर्षि पतंजलि ने इसे व्यवस्थित कर वैज्ञानिक आधार दिया,जो उनके योग सूत्र के अष्टांग योग में वर्णित है। समय के साथ इसे अनेक विभूतियों ने अपनाकर लोकप्रिय बनाया। स्वस्थ जीवन के लिए आज दुनिया योग को सहर्ष स्वीकार कर रही है। वस्तुत: योग दुनिया को भारतीय ऋषि परंपरा की देन है।






