बीट क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सूचना जुटाने का निर्देश
जिले के सभी थाना-ओपी में चौकीदार परेड का आयोजन
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। एसपी मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर रविवार को जिले के सभी थाना एवं ओपी में चौकीदारी परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना एवं ओपी प्रभारियों ने चौकीदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अपने-अपने बीट क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने और क्षेत्र से संबंधित महत्वपूर्ण आसूचनाओं का संकलन करने का निर्देश दिया। परेड के दौरान चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने तथा स्थानीय स्तर पर पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बीट स्तर से मिलने वाली सूचनाएं अपराध की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। चौकीदारों को अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर पुलिस तक समय पर सूचना पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।







