राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने और बेहतर मंच देने के लिए प्रतिबद्ध : योगेंद्र प्रसाद
झारखंड प्रतिभा फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मैच में इको एफसी रांची की टीम बनी विजेता
झारखंड प्रतिभा फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मैच में इको एफसी रांची की टीम बनी विजेता
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत कुंदरूकलां स्थित महथा बगीचा मैदान में आयोजित झारखंड प्रतिभा फुटबॉल टूर्नामेंट का मेगा फाइनल रविवार को किसान ब्रदर्स ओरमांझी और इको एफसी रांची के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रही, जिसके बाद मुकाबला पेनल्टी शूटआउट तक पहुंचा। पेनल्टी शूटआउट में इको एफसी रांची ने जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
मंत्री ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का किया शुभारंभ
फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, परिश्रम, टीम भावना और संघर्ष का जज्बा पैदा करता है। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने, उन्हें बेहतर मंच देने और आगे बढ़ाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।
विजेता को 41 हजार और उपविजेता को 31 हजार का मिला नगद पुरस्कार
समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि रामगढ़ विधायक ममता देवी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विजेता इको एफसी रांची की टीम को 41 हजार और उपविजेता किसान ब्रदर्स ओरमांझी की टीम को 31 हजार रुपए नगद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अजय और मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार विकास को दिया गया। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खेल को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों की प्रतिभा को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ी जिला एवं राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर आगे बढ़ सकें।
आयोजन समिति ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम का मंच संचालन कांग्रेस के जिला महासचिव एवं आयोजन समिति के संरक्षक दिगम्बर प्रसाद गुप्ता ने किया। इस अवसर पर झामुमो के जिला उपाध्यक्ष शंभू बेदिया, कांग्रेस नेता मनोज पुजहर, मनोज कोटवार, बीससूत्री सदस्य हीरालाल महतो, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष भरत महतो, आयोजन समिति के संरक्षक निरंजन बेदिया, इनायत अंसारी, अध्यक्ष खेमन महतो, सचिव कुलदीप करमाली, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र महतो, उपकोषाध्यक्ष बिनोद करमाली, उपाध्यक्ष रंजीत करमाली, सहसचिव छोटेलाल कुमार, सदस्य केशर इमाम, एस. अनवर, कमलेश बेदिया, मिटकू रविदास, संतोष महतो, उत्तम, शमीम अंसारी, त्रिभुवन महतो, झलकू बेदिया सहित कई ग्रामीण एवं खेलप्रेमी उपस्थित थे।






