मांडू की महिला अभ्यर्थियों ने लगाई दौड़, पांच बैच की परीक्षा पूरी
सिद्धू-कान्हू मैदान में कड़ी निगरानी के बीच होमगार्ड बहाली जारी, पारदर्शिता के लिए सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से नजर
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़। सिद्धू-कान्हू मैदान में मंगलवार को मांडू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की होमगार्ड बहाली के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा जारी रही। जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुरक्षा के बीच अभ्यर्थियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। अब तक पांच बैच की दौड़ पूरी हो चुकी है, जबकि अन्य शारीरिक दक्षता जांच की प्रक्रिया जारी है।
सुबह पांच बजे से शुरू हुई प्रक्रिया
बहाली प्रक्रिया के तहत सुबह पांच बजे से अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद महिला अभ्यर्थियों को मैदान में प्रवेश कराया गया और बैचवार दौड़ शुरू कराई गई। पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल तैनात रहे।
सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से निगरानी
बहाली प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए मैदान में सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के माध्यम से निगरानी की जा रही है। अधिकारी प्रत्येक गतिविधि पर नजर रख रहे हैं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
अभ्यर्थियों की सुविधा पर विशेष ध्यान
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मैदान में पेयजल, बैठने के लिए शेड, एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की व्यवस्था की गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को भी मुस्तैद रखा गया है। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अनुशासन बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।


.jpg)



