बाल विवाह, पॉक्सो, नशा और साइबर अपराध पर गोला पुलिस ने विद्यार्थियों को किया जागरूक
राज्य संपोषित प्लस-2 उच्च विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम, कानून और बचाव के बताए उपाय
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रामगढ़/गोला। एसपी मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर शनिवार को गोला पुलिस ने राज्य संपोषित प्लस-2 उच्च विद्यालय के विद्यार्थियों के बीच जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस निरीक्षक गोला पंकज कुमार एवं थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने विद्यार्थियों को बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, नशा मुक्ति और साइबर अपराध से जुड़े कानूनों और इनके दुष्परिणामों की जानकारी दी।
शोषण या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को दे सूचना
पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को बाल विवाह जैसी कुरीतियों से दूर रहने तथा पॉक्सो कानून के प्रावधानों की जानकारी देते हुए किसी भी तरह के शोषण या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति को सूचना देने की अपील की।
जागरूकता और सतर्कता ही अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार
नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपने आसपास भी इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, साइबर अपराध से बचाव के लिए ओटीपी, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन गतिविधियों से सावधान रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों से कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार है।






