मांडू के पुरुष अभ्यर्थियों की दौड़ शुरू, बहाली प्रक्रिया पर प्रशासन की कड़ी निगरानी
रामगढ़। होमगार्ड बहाली को लेकर रामगढ़ के सिद्धू-कान्हू मैदान में सोमवार को मांडू प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हुई। जिला प्रशासन की निगरानी में अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद पहले बैच की दौड़ शुरू कराई गई। बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मैदान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से निगरानी
सुबह पांच बजे से अभ्यर्थियों के कागजातों का सत्यापन शुरू हुआ। आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को मैदान में प्रवेश दिया गया। बहाली में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के माध्यम से पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
अभ्यर्थियों के लिए पेयजल और चिकित्सा की व्यवस्था
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मैदान में पेयजल, बैठने के लिए शेड और आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस सहित मेडिकल टीम की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों से अनुशासन बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।


.jpg)



