मंडरो में कुएं में गिरने से 28 वर्षीय युवक की मौत, पत्नी और चार बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडरो हरिजन टोला में मंगलवार की देर शाम कुएं में गिरने से 28 वर्षीय युवक संतोष भंडारी की मौत हो गयी। मृतक गम्हरियाटांड़ गांव का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और चार छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, संतोष मंगलवार को मंडरो गांव में छटियारी कार्यक्रम में हजामत बनाने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान मंडरो हरिजन टोला स्थित एक कुएं में उसके गिरने की जानकारी मिली। स्थानीय लोगों और परिजनों ने काफी प्रयास के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों ने नशे की हालत में कुएं में गिरने की आशंका जतायी है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संतोष नाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से पत्नी और चार बच्चों के सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।
नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि कुएं में गिरने से युवक की मौत की सूचना मिली है। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।






