BREAKING NEWS

logo

एनपीयू में बी.एड. प्रैक्टिकल समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों में अवैध वसूली के आरोप, जांच की मांग


मेदिनीनगर: नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (एनपीयू) में बी.एड. प्रैक्टिकल परीक्षा सहित अन्य पाठ्यक्रमों में अवैध वसूली और मूल्यांकन प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। इस संबंध में आजसू के एनपीयू प्रभारी राणा हिमांशु सिंह ने परीक्षा नियंत्रक को आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

अपने आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय से संबद्ध कई कॉलेजों में बी.एड. प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान छात्रों से निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त अवैध रूप से राशि वसूली जा रही है, जो पूरी तरह गैर-कानूनी है। इस वजह से छात्रों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

इसके अलावा बी.सी.ए., पी.जी. सहित अन्य पाठ्यक्रमों के मूल्यांकन में भी पारदर्शिता की कमी का मुद्दा सामने आया है। आरोप है कि कई मामलों में छात्रों को उनके वास्तविक प्रदर्शन के बजाय पहचान और पक्षपात के आधार पर अंक दिए जा रहे हैं। मेधावी छात्रों के अंक जानबूझकर कम करने और कुछ को अनुचित लाभ देने की शिकायतें भी सामने आई हैं।

राणा हिमांशु सिंह ने कहा कि इस तरह की अनियमितताएं शिक्षा व्यवस्था की निष्पक्षता को प्रभावित कर रही हैं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

प्रमुख मांगें:

बी.एड. प्रैक्टिकल परीक्षाओं में अवैध वसूली पर तत्काल रोक

पूरे मामले की निष्पक्ष जांच

दोषी शिक्षकों एवं संस्थानों पर कड़ी कार्रवाई

छात्रों से ली गई अवैध राशि की वापसी

पारदर्शी एवं निष्पक्ष मूल्यांकन प्रणाली लागू करना

इस संबंध में आवेदन की प्रतिलिपि विश्वविद्यालय के कुलपति को भी भेजी गई है।