छतरपुर के मड़वा गांव में महिला की संदिग्ध मौत, दहेज प्रताड़ना का आरोप
छतरपुर (पलामू): छतरपुर थाना क्षेत्र के मड़वा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका की मां मीना देवी ने छतरपुर थाना में आवेदन देकर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। प्राथमिकी में मृतका के पति कुंदन सिंह, ससुर अंजय सिंह, सास बबीता देवी तथा देवर पंकज सिंह और पवन सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है।
दो साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, मृतका बिहार के रोहतास जिले के कुसडिहरा गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। मृतका का एक छह माह का बच्चा भी है।
मायके पक्ष का आरोप
मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वाले लगातार दहेज को लेकर दबाव बनाते थे और महिला को प्रताड़ित किया जाता था, जिसके कारण उसकी हत्या की गई।
जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।




