उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुसीखाप की अनोखी पहल
नामांकन बढ़ाने निकले शिक्षक मोटरसाइकिल पर बाजा बजाकर शिक्षा का अलख जगा रहे
नामांकन बढ़ाने निकले शिक्षक मोटरसाइकिल पर बाजा बजाकर शिक्षा का अलख जगा रहे
मो. सफी
पलामू: शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पाण्डु प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुसीखाप के शिक्षकों ने एक अनोखी पहल शुरू की है। विद्यालय के शिक्षक मोटरसाइकिल पर बाजा बजाते हुए गांव-गांव घूमकर शिक्षा का संदेश दे रहे हैं।
इस अभियान के तहत शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा के महत्व से अवगत करा रहे हैं। बाजा के साथ निकाली जा रही यह जागरूकता रैली गांवों में आकर्षण का केंद्र बन गई है, जिससे ग्रामीणों में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार हो रहा है।
विद्यालय परिवार का कहना है कि उनका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है। इस पहल को ग्रामीणों का भी भरपूर समर्थन मिल रहा है और लोग इसे सराहनीय कदम बता रहे हैं।
प्रभारी प्रधानाध्यापक निरंजन कुमार ने बताया कि विद्यालय परिवार द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रयास के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
वहीं शिक्षक भरत सिंह ने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं। अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें। विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ भी बच्चों को मिल रहा है।
यह पहल अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन चुकी है और शिक्षा के प्रति एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में देखी जा रही है।




