BREAKING NEWS

logo

टूटी पुलिया और जर्जर सड़क से ग्रामीण बेहाल, भलुवानी कला में नगर परिषद की लापरवाही उजागर


दीपक यादव
पाण्डु: पलामू जिले के बिश्रामपुर नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत भलुवानी कला वार्ड संख्या 20 से ग्राम निमिया जाने वाली मुख्य सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है।यह सड़क नगर परिषद और ग्रामीण क्षेत्र के बीच की सीमा मानी जाती है तथा दोनों क्षेत्रों के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है।बिश्रामपुर शहरी क्षेत्र से जुड़ने के लिए भी यही सड़क प्रमुख मार्ग के रूप में उपयोग की जाती है।इस मार्ग पर ग्रामीणों का दैनिक आवागमन,खेती-किसानी और अन्य आवश्यक कार्य पूरी तरह निर्भर हैं।सड़क के किनारे बनी नहर के माध्यम से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए एक छोटी पुलिया का निर्माण किया गया था,लेकिन वर्तमान में वह पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है।पुलिया के फट जाने से सड़क के बीचों-बीच बड़ा गड्ढा बन गया है,जिससे आवागमन बाधित हो गया है।स्थानीय लोगों के अनुसार,इस मार्ग से चारपहिया वाहनों का गुजरना लगभग असंभव हो गया है।यदि कोई वाहन गुजरने का प्रयास करता भी है,तो उसके फंसने या दुर्घटना का खतरा बना रहता है।वर्तमान स्थिति में केवल बाइक सवार ही किसी तरह जोखिम उठाकर इस रास्ते से आवागमन कर पा रहे हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि यह क्षेत्र नगर परिषद के अंतर्गत आता है,इसके बावजूद अब तक सड़क और पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई है।लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि जब उनसे नियमित रूप से टैक्स वसूला जाता है,तो बदले में मूलभूत सुविधाएं क्यों नहीं दी जा रही हैं।स्थानीय निवासियों ने सवाल उठाया है कि क्या बिश्रामपुर नगर परिषद का गठन केवल टैक्स वसूली के लिए किया गया है।उन्होंने प्रशासन से अविलंब सड़क और पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है,ताकि आम जनता को राहत मिल सके।