BREAKING NEWS

logo

वित्तीय साक्षरता अभियान में ग्रामीणों को बीमा योजनाओं की दी गई जानकारी


पलामू: जिले के उंटारी रोड प्रखंड क्षेत्र के ग्राम बिंदुआ, वार्ड संख्या 09 में वित्तीय साक्षरता अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आदिवासी परिवारों के बीच वित्तीय समावेशन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
अग्रगति के सीएफएल कोऑर्डिनेटर गुरूदेव विश्वकर्मा ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया एवं उसके लाभों के बारे में बताया। साथ ही सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले गरीब एवं आदिवासी परिवारों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने यह भी कहा कि बहुत कम प्रीमियम में मिलने वाली बीमा योजनाएं किसी भी परिवार के लिए संकट के समय सहारा बन सकती हैं।
कार्यक्रम में अटल पेंशन योजना को विशेष रूप से उपयोगी बताते हुए कहा गया कि यह योजना बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। साथ ही बैंक से लिए गए ऋण को समय पर चुकाने के महत्व पर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
प्रशिक्षिका अंजू कुमारी ने सभी खाताधारकों से अपील की कि वे बीमा योजनाओं का लाभ अवश्य लें, जिससे किसी भी अनहोनी की स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सहायता मिल सके।
इस अवसर पर अमर नाथ रजवार, मुन्द्रिका रजवार, कुंती देवी, संगीता कुमारी, सुगी कुमारी सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।