गढ़वा जिला निबंधन कार्यालय का निरीक्षण, पारदर्शी सेवा और दलालों पर सख्ती के निर्देश
निबंधन व्यवस्था दुरुस्त कर राजस्व बढ़ाएं : आयुक्त कुमुद सहाय
पलामू: प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने गुरुवार को गढ़वा स्थित जिला निबंधन (रजिस्ट्री) कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, राजस्व संग्रहण, आम नागरिकों को दी जा रही सेवाओं तथा लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निबंधन व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए राजस्व संग्रहण में तेजी लाई जाए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि निबंधन कार्यालय सरकार के राजस्व का एक महत्वपूर्ण स्रोत है, इसलिए यहां कार्यरत अधिकारी एवं कर्मी राजस्व वृद्धि को प्राथमिकता दें। उन्होंने डीड रजिस्ट्री, स्टाम्प शुल्क, शुल्क संग्रहण प्रक्रिया और निबंधन के दौरान अपनाई जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में राजस्व की क्षति नहीं होनी चाहिए।
आयुक्त ने अस्वीकृत डीड, विवाह निबंधन, भूमि एवं संपत्ति निबंधन, लंबित मामलों, ऑनलाइन एंट्री और रिकॉर्ड संधारण की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि निबंधन कार्य समय सीमा के भीतर निष्पादित हो, ऑनलाइन प्रणाली को और मजबूत किया जाए तथा दस्तावेजों का डिजिटाइजेशन और सुरक्षित संधारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और कार्यालय परिसर में दलाल किस्म के लोगों की आवाजाही पर सख्ती से रोक लगाई जाए। साथ ही, संपत्ति का सही मूल्यांकन कर उचित स्टाम्प शुल्क की वसूली सुनिश्चित करने को कहा। आयुक्त ने अभिलेखों को अद्यतन रखने और जनता को पारदर्शी, सरल और भरोसेमंद सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आयुक्त को बताया कि फिलहाल कार्यालय का संचालन पुराने भवन में हो रहा है, लेकिन इसे नए भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जहां बेहतर स्थान और सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस मौके पर अवर निबंधन पदाधिकारी रविश राज सिंह उपस्थित रहे।
सर्किट हाउस में हुआ स्वागत, अनुमंडल कार्यालय का भी किया भ्रमण
गढ़वा पहुंचने पर प्रमंडलीय आयुक्त को स्थानीय सर्किट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम एवं नजारत उप समाहर्ता धीरज प्रकाश सहित अन्य अधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।
इसके बाद आयुक्त ने अनुमंडल कार्यालय का भी भ्रमण किया, जहां सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने उनका स्वागत किया।






