बासुकीनाथ धाम में श्रावणी मेला संपन्न होते ही भादो मेला का हुआ आगाज,
• पहले दिन 45,321 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका : राजकीय श्रावणी मेला-2026 के समापन होने के बाद भी फौजदारी बाबा के दरबार बासुकीनाथ में कांवरिया श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगातार जारी है।
श्रावणी मेला के संपन्न होने के साथ ही भादो मेला प्रारंभ हो गया है। भाद्रपद मास में विशेष कर कृषक और कामकाजी वर्ग के ऐसे श्रद्धालु भोलेनाथ के दरबार में पहुंचते हैं, जो कृषिकार्य अथवा सावन के महीने में कामकाज की अत्यधिक व्यस्तता के कारण श्रावणी मेला के दौरान बाबा धाम नहीं आ पाते हैं। किन्तु उनकी गहरी आस्था भोलेनाथ के जलाभिषेक से जुड़ी होती है। वे भादो महीने में कामकाज से निवृत्त होकर भोले बाबा को सुल्तानगंज से गंगाजल लाकर पवित्र जलाभिषेक करते हैं।
बहरहाल, बासुकीनाथ मंदिर में भाद्रपद मास के प्रथम दिन कृष्ण प्रतिपदा तिथि के उपलक्ष्य पर शनिवार को भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
मंदिर सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार देर शाम तक करीब 45,321 हजार भक्तों ने पूजा-अर्चना किया। जिसमें 238 श्रद्धालुओं ने शीघ्रदर्शनम् के माध्यम से बाबा पर जलार्पण किया। शिवभक्तों ने सुल्तानगंज गंगाघाट और भागलपुर के बरारीघाट व सिमरिया घाट सहित अन्य गंगाघाट से पवित्र जल भरकर बासुकीनाथ धाम पहुंचे और स्पर्श पूजा कर भोलेनाथ की आरती की।
बासुकीनाथ मंदिर के पुजारी कृष्णदेव बाबा व मनीष झा ने बताया कि भाद्रपद मास, कृष्ण पक्ष, प्रतिपदा तिथि पर शनिवार को बासुकीनाथ मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ लगी रही। इस मौके पर देशभर के कोने-कोने से आए भक्तों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
इस अवसर पर भक्तों की भीड़ को लेकर मंदिर प्रबंधन और पुलिस प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। भक्तों को सुगमतापूर्वक जलार्पण कराने के लिए उन्हें कतारबद्ध तरीके से बाबा बासुकीनाथ मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कराया गया। भक्तों ने दिनभर स्पर्श पूजा किया।






