BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र में सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत रक्तदान शिविर आयोजित


एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है : जीएम

रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र में सतर्कता जागरूकता अभियान 2026 के तहत बुधवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन रजरप्पा क्षेत्र के महाप्रबंधक गिरीश कुमार राठौर ने किया। शिविर में कुल 108 स्वयंसेवकों ने रक्तदान के लिए उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वास्थ्य जांच के दौरान कम हीमोग्लोबिन, रक्तचाप एवं अन्य चिकित्सकीय कारणों से 72 स्वयंसेवक रक्तदान के लिए पात्र नहीं पाए गए। जांच के उपरांत कुल 36 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर में पार्टनर ब्लड बैंक के रूप में सदर अस्पताल, रामगढ़ के ब्लड बैंक का सहयोग प्राप्त हुआ। इस अवसर पर महाप्रबंधक गिरीश कुमार राठौर ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र द्वारा इस प्रकार के सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन आगे भी निरंतर किया जाएगा। उन्होंने रक्तदान के लिए आगे आए सभी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सेवई उत्तरी पंचायत के मुखिया कुलदीप सिंह, सेवई दक्षिणी पंचायत की मुखिया किरण देवी एवं मुस्कुराहटें संस्था के अध्यक्ष विवेकानंद वर्मा सहित अन्य उपस्थित थे। इस अवसर पर स्टाफ अधिकारी (मा./सं.) रामानुज प्रसाद, स्टाफ अधिकारी (वि./या.) अनुप डुंगडुंग, प्रबंधक (पर्यावरण) विवेक द्विवेदी, डॉ. विवेक रंजन, डॉ. दीपाली बिशेन, सदर अस्पताल रामगढ़ के ब्लड बैंक की चिकित्सा पदाधिकारी डॉ स्वेच्छा शेखर, चंद्रजीत कुमार, कुंदन कुमार, सोनिका देब सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सीएसआर अधिकारी आशीष झा ने किया। रक्तदान शिविर के आयोजन में मुस्कुराहटें संस्था ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। रक्तदान शिविर में रक्त संग्रह सदर अस्पताल रामगढ़ के ब्लड बैंक द्वारा किया गया। शिविर के माध्यम से कर्मचारियों एवं स्थानीय समुदाय के बीच स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।