BREAKING NEWS

logo

जेएससीए स्टेडियम में जेपीएल फाइनल के दौरान अफरा-तफरी, वेस्ट गेट पर भगदड़ में कई घायल


रांची एक्सप्रेस संवाददाता

रांची:  जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में मंगलवार को  झारखंड प्रीमियर लीग (JPL) का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। खिताबी जंग में छोटानागपुर रॉयल्स और जमशेदपुर स्टीलर्स की टीमें आमने-सामने हैं। इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए स्टेडियम में दर्शकों की अप्रत्याशित भीड़ उमड़ पड़ी।

इसी भारी भीड़ के कारण स्टेडियम के वेस्ट गेट पर अफरा-तफरी मच गई। अचानक धक्का-मुक्की बढ़ने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें कम से कम तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हालांकि प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई  है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बड़ी संख्या में लोग वेस्ट गेट पर इकट्ठा हो गए थे। इसी दौरान एंट्री को लेकर भ्रम और अव्यवस्था फैल गई, जिससे लोग बेकाबू हो गए। नाराज भीड़ ने गुस्से में आकर वेस्ट गेट को क्षतिग्रस्त कर दिया।

दर्शकों का आरोप है कि आयोजकों ने “फ्री एंट्री” की बात कहकर बड़ी संख्या में लोगों को बुलाया, लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। इससे लोगों में आक्रोश फैल गया और स्थिति बिगड़ गई।

घटना के बाद मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को भीड़ नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर स्थिति को किसी तरह काबू में किया गया। कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा.