बर्मामाइंस थाना पुलिस ने ट्रांसफार्मर में आग लगाकर कॉपर क्वाइल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर करीब 70 किलो ग्राम चोरी किया गया ट्रांसफार्मर का क्वाइल बरामद किया है।
इस संबंध में बर्मामाइंस थाना में मामला दर्ज किया गया था। टाटा स्टील (यूआईएसएल) में मैनेजर के पद पर कार्यरत अजित कुमार त्रिपाठी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 10 से 12 अज्ञात अपराधियों ने ट्रांसफार्मर में आग लगाकर उसमें लगे कॉपर क्वाइल की चोरी कर ली थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर बर्मामाइंस थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर मामले में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विनोद कर्मकार (35), अनिल दास उर्फ छोटा भकुआ (21) और अजय मांझी उर्फ हबीबुल (31) के रूप में हुई है।
पुलिस की ओर से की गई पूछताछ में आरोपितों ने ट्रांसफार्मर में आग लगाकर कॉपर क्वाइल चोरी करने की बात स्वीकार की है।
बर्मामाइंस के थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपितों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और विभिन्न थानों में इनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।






