रांची: आगामी दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर रांची नगर निगम द्वारा छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर आयुक्त श्री सुशांत गौरव ने की। इसमें पर्व के दौरान स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने पिछले वर्ष रांची नगर निगम द्वारा की गई स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की सराहना की तथा इस वर्ष भी बेहतर इंतजाम करने की अपेक्षा जताई। नगर निगम द्वारा शहर के 72 छठ घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इनमें विशेष सफाई अभियान, बैरिकेडिंग, अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था, स्टोन डस्ट के माध्यम से पहुंच पथों का समतलीकरण, कृत्रिम चेंजिंग रूम, पेयजल की उपलब्धता तथा फॉगिंग शामिल हैं। नगर आयुक्त श्री सुशांत गौरव ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने छठ पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इसके साथ ही नागरिकों से छठ घाटों एवं जलाशयों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई, ताकि पर्व के दौरान स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में अपर नगर आयुक्त श्री संजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त श्री चन्द्रदीप कुमार, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. किरण कुमारी, अभियंतागण, नगर प्रबंधक, जोनल सुपरवाइजर, वार्ड सुपरवाइजर तथा शहर की प्रमुख छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त की बैठक, 72 छठ घाटों पर होंगी विशेष व्यवस्थाएं


.jpg)



