डीईजीएस व ई-गवर्नेंस कार्यों की समीक्षा, सभी बच्चों का आधार बनवाने के निर्देश
पलामू: उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभागार में डीईजीएस, ई-ऑफिस, यूआईडीएआई, एनआईसी एवं आधार से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली गई।
समीक्षा के दौरान डीडीसी ने जिले के सभी पंचायतों में इंटरनेट कनेक्टिविटी की स्थिति की जानकारी ली और जहां नेटवर्क की समस्या है, उसे शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायत स्तर तक मजबूत इंटरनेट सुविधा अनिवार्य है।
बैठक में ई-ग्रंथालय, आईआरएडी सहित अन्य ई-गवर्नेंस से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई और इनके बेहतर संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान डीडीसी ने समाज कल्याण विभाग और शिक्षा विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर जिले के सभी बच्चों का आधार कार्ड बनवाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत और पंजीकृत सभी बच्चों का आधार बनना जरूरी है, ताकि उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिल सके। इसके लिए दोनों विभागों को विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत आधार पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी रणबीर सिंह, एडीआईओ, जेएसएलपीएस के डीपीएम, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर पंकज पांडेय, यूआईडी के डीपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।





