बेड़ो के खक्सीटोली में गांधी और सात टाना भगत सेनानियों की मूर्ति का अनावरण, वंशज सम्मानित, लोकतंत्र बचाने के लिए एक और लड़ाई लड़नी होगी - बंधु तिर्की
संवाददाता विकास कुमार
बेड़ो: प्रखंड के खक्सीटोली गांव स्थित टाना भगत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक स्थल पर शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर महात्मा गांधी सहित सात टाना भगत स्वतंत्रता सेनानियों की मूर्ति का अनावरण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। मूर्ति का अनावरण कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद झंडोत्तोलन किया गया और स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों को मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केड़ी गुरु ने की। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि आज गांधी जी जीवित हैं तो झारखंड के टाना भगतों में ही दिखते हैं, सरकार टाना भगतों के विकास के लिए कई योजनाएं चला रही है और युवाओं को अपने पंथ को आगे ले जाने के लिए आगे आना होगा। पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि टाना भगत गांधी के सच्चे अनुयायी हैं, आज लोकतंत्र खतरे में है इसे बचाने के लिए एक और लड़ाई लड़नी होगी, राहुल गांधी ने बिगुल फूंक दिया है। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि आज पहले विधायक सोमा टाना भगत की भी जयंती है और रामगढ़ अधिवेशन में टाना भगतों ने गांधी जी को 400 रुपये की थैली दी थी। कार्यक्रम का संचालन फुलदेव टाना भगत ने किया। इस मौके पर रांची, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, लातेहार, हजारीबाग और गढ़वा जिले के सैकड़ों टाना भगत उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन उप प्रमुख मोदसीर हक ने किया।






